अपर पुलिस अधीक्षक ने साप्ताहिक परेड की सलामी ली:पुलिस लाइन में रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण का अवलोकन किया

6
Advertisement

अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम ने आज रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से सुदृढ़ रहने के लिए प्रेरित किया और सामूहिक दौड़ लगवाई। अनुशासन, एकरूपता और कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से टोलीवार ड्रिल का अभ्यास भी कराया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर (RTC) में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षुओं को शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया और उनका उत्साहवर्धन किया। प्रशिक्षुओं को कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और पुलिस सेवा के उच्च आदर्शों को आत्मसात करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। बैरकों में मूलभूत सुविधाओं और संसाधनों की उपलब्धता का जायजा लिया गया। उत्तम गुणवत्ता वाला पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने और परिसर में स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। आदेश कक्ष में रजिस्टरों की जांच की गई। ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को अनुशासन, कर्तव्यपरायणता और नागरिकों की सुरक्षा व सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। साथ ही, कर्मियों को समयबद्धता और कार्यकुशलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की हिदायत भी दी गई। इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक अखिलेश कुमार, प्रभारी आरटीसी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और रिक्रूट आरक्षीगण उपस्थित रहे।

Advertisement