बस्ती के हर्रैया में चीनी मिलों के संचालन के साथ ही गन्ना क्रय केंद्रों से मिलों तक गन्ना ढुलाई के लिए उपयोग किए जा रहे अवैध और ओवरलोड ट्राले आम यात्रियों के लिए गंभीर खतरा बन गए हैं। इन दिनों घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ गई है। ये ट्राले निर्धारित मानकों से लगभग चार गुना बड़े होते हैं और इन पर 30 क्विंटल की जगह 300 क्विंटल से अधिक गन्ना लादा जाता है। ये ट्रैक्टर-ट्राले सड़क की एक लेन से भी अधिक चौड़े होते हैं, जिससे अन्य वाहनों को गुजरने के लिए सड़क छोड़कर पटरी का उपयोग करना पड़ता है। रात के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। अधिकांश ट्रालों में पीछे की ओर न तो लाइट होती है और न ही रिफ्लेक्टर। इसके कारण पीछे से आने वाले वाहन सीधे ट्रालों से टकरा जाते हैं। ऐसे हादसों में बस्ती जिले में हर साल कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। नियमों का खुलेआम उल्लंघन होने के बावजूद जिम्मेदार विभागों की कार्रवाई केवल कभी-कभार चालान और मामूली जुर्माने तक सीमित रहती है। इससे ट्राला संचालकों के हौसले बुलंद हैं। इस संबंध में एसडीएम हर्रैया सत्येंद्र सिंह ने कहा, “ओवरलोडिंग और अवैध गन्ना ट्रालों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि मानकों का उल्लंघन करने वाले ट्रैक्टर-ट्रालों को तत्काल रोका जाए और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए। आमजन की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।”
हर्रैया में ओवरलोड गन्ना ट्राले बने खतरा:घने कोहरे में बढ़ रहा हादसों का जोखिम
Advertisement










































