बस्ती जनपद में अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कलवारी, थाना नगर पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है। यह कार्रवाई सोमवार देर रात थाना कलवारी क्षेत्र के मांझा खुर्द गांव में श्मशान घाट के पीछे एक निर्जन स्थान पर की गई। पुलिस ने मौके से एक शातिर अभियुक्त को तमंचों, कारतूस और हथियार बनाने के उपकरणों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने मौके पर छापा मारा। वहां भट्ठी जलाकर अवैध तमंचा और कारतूस बनाए जा रहे थे। पुलिस को देखकर अभियुक्त ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उसे मौके से दबोच लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अम्बेडकरनगर जिले के इलफातगंज निवासी ताज मोहम्मद पुत्र तैयब के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से दो अवैध देशी तमंचा 12 बोर, दो अवैध देशी तमंचा .315 बोर, एक निर्मित देशी तमंचा .315 बोर, दो स्वनिर्मित जिंदा कारतूस 12 बोर और एक खोखा कारतूस 12 बोर बरामद किए हैं। इसके अतिरिक्त, हथियार और कारतूस बनाने में प्रयुक्त उपकरण भी जब्त किए गए। गिरफ्तारी रात करीब दो बजे हुई। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह पहले घर पर तमंचा और कारतूस बनाकर चोरी-छिपे बेचता था। पुलिस की सक्रियता बढ़ने पर उसने स्थान बदलकर सुनसान जगहों पर रात में हथियार तैयार करना शुरू कर दिया था। अभियुक्त के खिलाफ थाना कलवारी में आयुध अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, ताज मोहम्मद का आपराधिक इतिहास रहा है और वह वर्ष 2015 में भी आयुध अधिनियम के तहत बस्ती कोतवाली थाना से जेल जा चुका है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है और अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।










































