श्रावस्ती के नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र के गोपालपुर चौराहे पर एक गोदाम से 18/19 जनवरी की रात 69 बोरा अनाज चोरी हो गया। अज्ञात चोरों ने गोदाम का ताला तोड़कर इस वारदात को अंजाम दिया। चोरी हुए अनाज की कीमत लगभग 1 लाख 10 हजार रुपये बताई जा रही है। दिव्यांग दुकानदार ने नवीन मॉडर्न थाने में तहरीर दी है। दुकानदार के अनुसार, चोरों ने गोदाम की कुंडी तोड़कर ताला उखाड़ा और अंदर रखा 69 बोरा अनाज किसी वाहन से ले गए। दुकानदार ने दावा किया है कि गोदाम के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कुछ संदिग्ध व्यक्ति कैद हुए हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। हालांकि, अभी तक इस मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। यह घटना व्यस्त गोपालपुर चौराहे पर हुई है, जिससे स्थानीय लोगों में पुलिस गश्त को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि नियमित पेट्रोलिंग के दावों के बावजूद इतनी बड़ी चोरी होना चिंताजनक है। पीड़ित दुकानदार ने प्रशासन से जल्द से जल्द मुकदमा दर्ज कर चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की है।










































