श्रावस्ती पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर बुधवार रात जनपद में आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 21 जनवरी 2026 को एक विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के खिलाफ था। इसी क्रम में, क्षेत्राधिकारी लाइन आलोक कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना को0 भिनगा पुलिस ने कार्रवाई की। कस्बा भिनगा क्षेत्र के ईदगाह तिराहा और नई बाजार पर पैदल गश्त करते हुए सड़क किनारे लगे अवैध ठेले, रेहड़ी, दुकानों और खड़े वाहनों को हटवाया गया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग भी की गई। अभियान के दौरान, अतिक्रमण करने वालों को भविष्य में सार्वजनिक मार्गों पर दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी गई। पुलिस ने दुकानदारों और आमजन से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और सड़क व सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील की। यह कार्रवाई जनहित में की गई, ताकि लोगों को आवागमन में होने वाली असुविधा को दूर किया जा सके और यातायात व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित किया जा सके।









































