फखरपुर में बिना काम कराए लाखों रुपए निकाले: प्रधान और सचिव पर लगे गंभीर आरोप, डीएम के निर्देश पर जांच टीम गठित – Kaisarganj News

5
Advertisement

कैसरगंज तहसील के फखरपुर ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत बेलहरी में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और सचिव पर वर्ष 2021 से 2025 के बीच बिना कोई विकास कार्य कराए फर्जी वाउचर के जरिए सरकारी धन की निकासी करने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत मिलने पर डीएम ने मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान ने ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर दर्ज 37 विकास कार्यों में बिना निर्माण कराए लाखों रुपए का भुगतान करा लिया। जब ग्रामीणों को पोर्टल के माध्यम से इस कथित भ्रष्टाचार की जानकारी हुई तो उन्होंने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की। शिकायतकर्ताओं में हरिशंकर, दिलीप, अंजनी, दिनेश, रामतेज, जगेसर समेत अन्य ग्रामीण शामिल हैं। उनका कहना है कि 19 अप्रैल 2023 को फारूक के घर से मोल्हे के घर तक इंटरलॉकिंग कार्य दिखाकर बिना काम कराए 2 लाख 34 हजार रुपए निकाल लिए गए। इसी तरह 18 सितंबर 2024 को जमील के घर से कोईले के घर तक इंटरलॉकिंग के नाम पर 5 लाख 19 हजार 294 रुपए तथा नज़रू के घर से गुड्डू के घर तक इंटरलॉकिंग कार्य दिखाकर करीब 3 लाख 37 हजार रुपए की निकासी की गई। आरोप है कि एक ही कार्य को दोबारा दिखाकर भी भुगतान कराया गया। इसके अलावा 30 जनवरी 2025 को इंटरलॉकिंग कार्य के नाम पर 81 हजार रुपए निकालने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत में दो कार्यों को छह बार अलग-अलग नाम से दिखाकर लाखों रुपये की फर्जी निकासी की गई। नाली निर्माण, खड़ंजा और दिव्यांग शौचालय जैसे कार्यों में भी बिना निर्माण कराए भुगतान होने का आरोप है। मामले में जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित जांच समिति में जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) शामिल हैं, जो सीधे जांच कर रहे हैं। वहीं, मनरेगा लोकपाल द्वारा भी एक अलग जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, डीडीओ ने बताया कि फिलहाल शिकायतकर्ता की ओर से कोई साक्ष्य या शपथ पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया है। शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Advertisement