श्रावस्ती जनपद में इंडो-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) द्वारा संयुक्त गश्त और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर यह अभियान लगातार जारी है। गुरुवार शाम को सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में पुलिस और SSB की टीमों ने पैदल गश्त की। इस दौरान सीमा से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई, ताकि किसी भी अवैध या राष्ट्रविरोधी गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। इसी क्रम में, थाना सिरसिया पुलिस और SSB ने ग्राम छोटकी सुईया में संयुक्त पैदल गश्त कर सीमा क्षेत्र की गहन जांच की। टीमों ने स्थानीय लोगों से सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की। जनपद के अन्य सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में भी लगातार गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सीमा सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी संभावित खतरे को रोकना है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।






































