बस्ती के सरस्वती विद्या मंदिर, रामबाग में भगवान श्रीराम के अयोध्या स्थित भव्य मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ मनाई गई। इस अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें ‘सविष्कार – युवा सृजन नवाचार महोत्सव’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदना और रामधुन के साथ हुआ। विद्यालय परिसर श्रद्धा, उल्लास और राष्ट्रभक्ति के भाव से ओत-प्रोत दिखाई दिया। विद्यालय के आचार्य श्री वायुनन्दन मिश्र ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीराम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा के साक्षी होने का स्मरण कराया। उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, त्याग, सत्य और राष्ट्रप्रेम से जुड़े प्रेरक प्रसंग छात्रों के समक्ष प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि श्रीराम का जीवन प्रत्येक विद्यार्थी के लिए मार्गदर्शक है, जिसे अपनाकर चरित्रवान और राष्ट्रनिष्ठ नागरिक बना जा सकता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री गोविन्द सिंह ने भी अपने उद्बोधन में छात्रों से श्रीराम के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जन नहीं, बल्कि संस्कार और नवाचार के माध्यम से समाज व राष्ट्र निर्माण में योगदान देना है। इसी क्रम में वंदना सभा के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा आयोजित ‘सविष्कार – युवा सृजन नवाचार महोत्सव’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों एवं उनके मार्गदर्शक आचार्य अंकित कुमार गुप्ता को सम्मानित किया गया। सरस्वती विद्या मंदिर, रामबाग बस्ती के छात्रों ने जूनियर वर्ग में नवाचार आधारित प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। प्रतियोगिता में छात्र सचिन और उनकी टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ₹5100 की पुरस्कार राशि, मेडल एवं प्रमाण पत्र हासिल किया। छात्र अथर्व गुप्ता ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर ₹2100 की पुरस्कार राशि प्राप्त की। छात्र अखण्ड जायसवाल ने पंचम स्थान प्राप्त कर ₹1000 की पुरस्कार राशि अर्जित की, जबकि छात्र सूर्यांश को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री गोपाल गाडिया, प्रबंधक प्रो. डॉ. सुरेन्द्र प्रताप सिंह, कोषाध्यक्ष श्री प्रहलाद मोदी सहित समस्त प्रबंध समिति सदस्यों ने छात्रों एवं आचार्य को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह सफलता विद्यालय, अभिभावकों एवं क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
Home उत्तर प्रदेश सविष्कार महोत्सव में छात्रों का उत्कृष्ट प्रदर्शन:श्रीराम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ...










































