पयागपुर विधानसभा में 1038 मतदाताओं को एसआईआर नोटिस: अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश – Kanchhar(Payagpur) News

8
Advertisement

विशेश्वरगंज कंछर। भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन का कार्य किया गया था। इस प्रक्रिया के बाद जिन मतदाताओं की माता-पिता से मैपिंग नहीं हो पाई थी, उन्हें निर्वाचन कार्यालय द्वारा नोटिस जारी किए गए हैं। इन नोटिसों के अनुसार, मतदाताओं को अपने और माता-पिता से संबंधित 13 अभिलेखों में से एक प्रस्तुत करना होगा। 1 जुलाई 1987 से पहले जन्मे मतदाताओं को स्वयं के प्रमाणित अभिलेख देने होंगे, जबकि 1 जुलाई 1987 से 2004 के बाद जन्मे मतदाताओं को स्वयं और माता-पिता दोनों के सत्यापित अभिलेखों की प्रतियां जमा करनी होंगी। यह कदम मतदाता सूची में नाम सही ढंग से शामिल करने के लिए उठाया गया है। विधानसभा क्षेत्र पयागपुर में बूथ संख्या 53 से 78 तक कुल 1038 मतदाताओं को ऐसे नोटिस जारी किए गए हैं, जिनकी माता-पिता से मैपिंग नहीं हो सकी थी। बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) दीपा गुप्ता ने बताया कि संबंधित बूथों के मतदाता निर्धारित तिथियों पर स्वयं उपस्थित होकर आवश्यक अभिलेखों के साथ अपना सत्यापन करा सकते हैं। इससे उनका नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित रूप से शामिल हो सकेगा। इस अवसर पर सहयोगी प्रधान लिपिक सुनील श्रीवास्तव, मालिक राम, नेहा सिंह और शशि बाला सिंह सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
Advertisement