बलरामपुर DM ने दिलाई निष्पक्ष मतदान की शपथ:राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शासकीय कार्यालयों में कार्यक्रम, बताया वोटिंग का उद्देश्य

7
Advertisement

बलरामपुर में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार सहित सभी शासकीय कार्यालयों, विभागों एवं संस्थानों में मतदाता शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विपिन कुमार जैन ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निष्पक्ष, निर्भीक एवं प्रलोभन-मुक्त मतदान की शपथ दिलाई। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान पर निर्भर करती है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से बिना किसी दबाव, भय अथवा प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आमजन को मतदाता जागरूकता के लिए प्रेरित करने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का प्रमुख उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं को मतदान के महत्व से अवगत कराना, उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना एवं मतदाता सहभागिता को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया को सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। इसी क्रम में जनपद के समस्त शासकीय कार्यालयों एवं संस्थानों में भी मतदाता शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने निष्पक्ष एवं प्रलोभन-मुक्त मतदान की शपथ ली। इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनमानस को यह संदेश दिया गया कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। इस अवसर पर एडीएम वित्त एवं राजस्व, एडीएम न्यायिक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
यहां भी पढ़े:  जरवा में मूर्ति तोड़ने के आरोप में दो युवक गिरफ्तार:ग्रामीणों में आक्रोश, शांति भंग के तहत जेल भेजा गया
Advertisement