श्रावस्ती में उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति 5.0 के तहत पुलिस परिवार परामर्श केंद्र ने एक वैवाहिक विवाद को सफलतापूर्वक सुलझाया। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के मार्गदर्शन में शनिवार को आयोजित बैठक में पति-पत्नी के बीच के मतभेदों को संवाद और आपसी समझदारी से समाप्त किया गया। केंद्र में हुई इस बैठक में दोनों पक्षों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना गया। शांतिपूर्ण वार्ता के माध्यम से सुलह समझौते पर सहमति बनी, जिससे दंपति के बीच उत्पन्न तनाव समाप्त हो गया। इस दौरान उपनिरीक्षक शिवसरन गौड़, महिला आरक्षी अर्चना रावत, महिला आरक्षी रिचा शुक्ला और भिनगा के संभ्रांत व्यक्ति सोहनलाल मिश्रा उपस्थित रहे। सुलह के बाद दंपति ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर नई शुरुआत की। पुलिस प्रशासन ने बताया कि सुलह को स्थायी रूप से सफल बनाने और परिवार में सौहार्द बनाए रखने के लिए निरंतर संपर्क बनाए रखा जाएगा। विवाद में वादी आविद अली की पुत्री (निवासी ग्राम पारावन कोड़री दा0 सेहनिया, थाना कोतवाली भिनगा, जनपद श्रावस्ती) और प्रतिवादी रज्जक अली पुत्र निब्बर (निवासी ग्राम श्रीनगरा दा0 बसंतापुर, थाना कोतवाली भिनगा, जनपद श्रावस्ती) शामिल थे।









































