पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर जनपद में आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 24 जनवरी 2026 को विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध था। इसी क्रम में, थाना गिलौला पुलिस ने कस्बा गिलौला में पैदल गश्त करते हुए कार्रवाई की। इस दौरान सड़क किनारे लगे अवैध ठेले, रेहड़ी, दुकानों और खड़े वाहनों को हटवाया गया। अभियान के दौरान अतिक्रमण करने वालों को भविष्य में सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी गई। पुलिस ने दुकानदारों और आमजन से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने तथा सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील भी की। यह कार्रवाई जनहित में की गई है, ताकि लोगों को आवागमन में होने वाली असुविधा को दूर किया जा सके और यातायात व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित किया जा सके। जनपद पुलिस द्वारा इस प्रकार के अभियान निरंतर जारी रहेंगे।










































