बहराइच में रहीमनगर धोबाही के प्रधान दिल्ली में होंगे सम्मानित: मॉडल यूथ ग्राम सभा पहल के तहत राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में लेंगे भाग – Ramnagar Semra(Nanpara) News

3
Advertisement

नवाबगंज विकास खंड की ग्राम पंचायत रहीमनगर धोबाही के प्रधान अतुल कुमार सिंह को नई दिल्ली में सम्मानित किया जाएगा। उन्हें ‘मॉडल यूथ ग्राम सभा पहल’ के तहत राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में भाग लेने के लिए चुना गया है। यह कार्यक्रम 28 जनवरी को भारत मंडपम, प्रगति मैदान में आयोजित होगा। जिले से कुल दो ग्राम प्रधान ‘ग्राम सभा पहल’ कार्यक्रम के तहत इस राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में हिस्सा लेंगे। पंचायती राज विभाग ने इस संबंध में दोनों प्रधानों को सूचित कर दिया है। प्रधान अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने गांव में व्यापक विकास कार्य कराकर पंचायत को एक आदर्श स्वरूप देने का प्रयास किया है। उनके प्रयासों से गांव में स्वच्छता, पेयजल, शिक्षा, सड़क, आवास, शौचालय और सामुदायिक विकास जैसी योजनाओं का सफल क्रियान्वयन हुआ है, जिससे गांव में बड़ा बदलाव आया है। जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) चंद्रभान सिंह ने पुष्टि की कि ‘मॉडल यूथ ग्राम सभा पहल’ के तहत जिले की दो ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मंच पर जिले का प्रतिनिधित्व करने से अन्य ग्राम पंचायतों को भी प्रेरणा मिलेगी।
Advertisement