राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जमुनहा तहसील परिसर में एक मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान युवाओं ने लोकतंत्र को मजबूत करने का संदेश दिया और आमजन को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया। लाल बहादुर शास्त्री कृषि इंटर कॉलेज बीरगंज और लॉर्ड कृष्णा पब्लिक इंटर कॉलेज पटना के छात्र-छात्राओं ने रैली में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने “हर वोट जरूरी है” और “पहले मतदान, फिर जलपान” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। यह रैली जमुनहा तहसील से शुरू होकर मल्हीपुर चौराहा, ब्लॉक रोड, अस्पताल चौराहा और पटना रोड से होते हुए पुनः तहसील परिसर में समाप्त हुई। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी जमुनहा संजय राय और नायब तहसीलदार अमरीश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि जागरूक मतदाता ही लोकतंत्र की असली ताकत होते हैं। उन्होंने युवाओं से स्वयं मतदान करने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। अधिकारियों ने जोर देकर कहा कि निष्पक्ष और निर्भीक मतदान ही मजबूत लोकतंत्र की नींव है, जिसमें युवा वर्ग की भागीदारी सबसे अहम है। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों की भी सक्रिय उपस्थिति रही, जिन्होंने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।






































