
श्रावस्ती के जमुनहा ब्लॉक की छात्राओं ने हाल ही में एक विज्ञान प्रदर्शनी में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। यह एक दिवसीय कार्यशाला आदित्य बिड़ला कैपिटल फाउंडेशन के सहयोग से एक्शन एड द्वारा संचालित ‘नई पहल’ परियोजना के तहत आयोजित की गई थी। इसका आयोजन विकासखंड हरिहरपुर रानी स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में हुआ। इस प्रदर्शनी में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय जमुनहा और हरिहरपुर रानी की कुल 85 छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं ने 22 विभिन्न प्रकार के विज्ञान प्रोजेक्ट तैयार किए। इनमें सौर मंडल, प्रकाश संश्लेषण, चंद्रयान, सूर्य एवं चंद्र ग्रहण, पवन चक्की, मानव हृदय, पोषक आहार और दिन-रात जैसे विषयों पर आकर्षक मॉडल शामिल थे। छात्राओं ने अपने मॉडलों के कार्य और उद्देश्य की विस्तृत जानकारी भी प्रस्तुत की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने एक्शन एड और आदित्य बिड़ला कैपिटल फाउंडेशन द्वारा उपलब्ध कराए गए संसाधनों की सराहना की। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनसे अपना लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करने का आह्वान किया, ताकि उनमें नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का विकास हो सके। विशिष्ट अतिथि जिला प्रोबेशन अधिकारी ने भी किशोरियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि इस तरह के कार्यक्रम सभी विद्यालयों में आयोजित किए जाने चाहिए, जिससे अधिक से अधिक बच्चियां आगे आकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। इस अवसर पर महिला थाना प्रभारी, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा, जिला समन्वयक निर्माण, देहात इंडिया, एमएसईएमवी संस्थान के प्रतिनिधि, एक्शन एड की स्टेट टीम से आकृति व जिया, जिले से गुलिस्ता आरा, दिनेश कुमार, तारिक अहमद सहित जमुनहा व हरिहरपुर रानी की वार्डेन मौजूद रहीं। कार्यक्रम में कुल लगभग 150 बच्चों ने सहभागिता की।







































