मूकबाधिर महिला को मिलेगा दिव्यांग प्रमाण पत्र:श्रावस्ती में जिलाधिकारी ने जनता दर्शन में सुनीं शिकायतें, आवास का भी निर्देश

1
Advertisement

श्रावस्ती में जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय ने आज कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने विकास खंड जमुनहा क्षेत्र से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके निस्तारण के निर्देश दिए। जनता दर्शन के दौरान जमुनहा ब्लॉक के विभिन्न गांवों से लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। इनमें ग्राम बन्दरा दा० गजोबरी, विकास खंड जमुनहा की निवासी मायावती पत्नी सुग्रीव प्रसाद भी शामिल थीं। उन्होंने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह मूकबाधिर हैं और उनके पास रहने के लिए पक्का मकान नहीं है। उनके पति मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। जिलाधिकारी ने इस मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिला का दिव्यांगता प्रमाण पत्र शीघ्र बनवाया जाए। साथ ही, उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी तत्काल शुरू की जाए, ताकि पात्र लाभार्थी को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। जनता दर्शन कार्यक्रम में कुल 09 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने सभी प्रार्थना पत्रों की एक-एक कर सुनवाई की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को इन शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Advertisement