दैनिक भास्कर खबर के बाद बैंक में झंडा फहराया गया: गणतंत्र दिवस पर बहराइच के सेंट्रल बैंक में सुबह नहीं हुआ था झंडारोहण – Payagpur News

0
7

बहराइच के पयागपुर स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा में गणतंत्र दिवस पर सुबह झंडारोहण न होने की खबर दैनिक भास्कर में प्रकाशित होने के बाद बैंक प्रशासन हरकत में आया। खबर सामने आने के बाद दोपहर में बैंक परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। सुबह झंडारोहण न होने से स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी थी। गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर अन्य सरकारी, अर्ध-सरकारी और निजी संस्थानों में जहां तिरंगा फहराया गया, वहीं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा में झंडारोहण न होना चर्चा का विषय बन गया था। लोगों ने इस लापरवाही पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे राष्ट्र के सम्मान से जुड़ा मामला बताया। मामले पर सफाई देते हुए बैंक मैनेजर विशाल मित्तल ने बताया कि स्वास्थ्य कारणों से समय पर झंडारोहण नहीं हो सका। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई जानबूझकर की गई लापरवाही नहीं थी और जानकारी मिलते ही तत्काल झंडारोहण कराया गया। दोपहर बाद हुए झंडारोहण के दौरान बैंक कर्मियों के साथ-साथ व्यापार मंडल अध्यक्ष श्याम जी मिश्रा, प्रमुख व्यवसायी आलोक अग्रवाल, मंगल प्रसाद शर्मा, दानेन्द्र शर्मा, उमेश तिवारी और कई स्थानीय लोग मौजूद रहे। हालांकि, लोगों का कहना था कि राष्ट्रीय पर्व पर इस तरह की चूक स्वीकार्य नहीं है। स्थानीय नागरिकों ने सभी सरकारी संस्थानों से राष्ट्रीय पर्वों की गरिमा बनाए रखने और समय पर झंडारोहण सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न उत्पन्न हो।
विज्ञापन