अज्ञात वाहन ने कार को मारी टक्कर: बहराइच में एक ही परिवार के पांच घायल, दो की हालत गंभीर – Bahraich News

5
Advertisement

बहराइच नानपारा मार्ग पर मंगलवार देर रात एक अज्ञात वाहन ने कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में कार में सवार एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। रामगांव थाना क्षेत्र के टेढ़िया गांव निवासी छोटे लाल यादव अपने बेटे केशव राम यादव (45), कमल चंद्र यादव (28), बहू रेखा (26) और पोती सोनम (2) के साथ लखनऊ गए थे। यह परिवार मंगलवार देर रात अपनी कार से घर लौट रहा था। सोहरवा गांव के पास पहुंचते ही एक अज्ञात वाहन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अज्ञात वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में कार सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर रामगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में कमल चंद्र यादव और केशव राम यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना करने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Advertisement