श्रावस्ती के इकौना में सेफ साफ कंपनी के कर्मचारियों पर महिलाओं ने ठगी और धनउगाही का आरोप लगाया है। मोहल्ला बेचू बाबा की निवासी समसुन, नूर बानो, नाजिया और फरीदा ने कंपनी के कर्मचारियों पर नौकरी और मोटी आमदनी का झांसा देने का आरोप लगाया है। पीड़ित महिलाओं ने इस संबंध में थाना इकौना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। महिलाओं द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, सेफ साफ कंपनी में कार्यरत खुशबू और सीमा नामक युवतियों ने उन्हें आकर्षक आय का लालच दिया। आरोप है कि इन कर्मचारियों ने नौकरी दिलाने और प्रति सप्ताह ₹1100 की निश्चित आय का भरोसा दिलाया। इस झांसे में आकर महिलाओं ने प्रति व्यक्ति ₹15,000 रुपये जमा कर कंपनी में सदस्यता ली। पीड़िताओं का आरोप है कि बाद में दोनों कर्मचारियों ने उन पर और लोगों को कंपनी से जोड़ने का दबाव बनाया। इसके बाद महिलाओं ने अपने परिचितों में से पांच अन्य लोगों को कंपनी से जोड़ा, जिनसे कथित तौर पर ₹15,000-₹15,000 रुपये की राशि वसूल की गई। हालांकि, कंपनी से जुड़ने के बाद किसी को भी कोई आय या भुगतान नहीं मिला। महिलाओं ने बताया कि बार-बार संपर्क करने के बावजूद उन्हें न तो कोई संतोषजनक जवाब मिला और न ही वादा की गई आय प्राप्त हुई। खुद को ठगा महसूस कर रही पीड़िताओं ने थाना इकौना में शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और जमा की गई धनराशि वापस दिलाने की मांग की है। इस संबंध में थाना इकौना पुलिस का कहना है कि उन्हें प्रार्थना पत्र प्राप्त हो गया है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।










































