बस्ती जिले के नगर थाना क्षेत्र में एक 26 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिला। बुधवार सुबह नौगढ़ गांव के बाहर स्थित एक बाग में ग्रामीणों ने शव देखा, जिसके बाद हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची नगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बस्ती भेज दिया है। मृतक की पहचान प्रसादपुर गांव निवासी पंकज यादव (26) पुत्र रामसुभग यादव के रूप में हुई है। पंकज बीए प्रथम वर्ष का छात्र था। मंगलवार रात करीब आठ बजे वह घर से थोड़ी दूर पर गेहूं की सिंचाई कर रहा था। जब काफी देर तक पंकज घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पूरी रात खोजने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। बुधवार भोर में नौगढ़ गांव के बाहर बाग में ग्रामीणों ने एक पेड़ की डाल से रस्सी के सहारे लटकता हुआ शव देखा और शोर मचाया। शोर सुनकर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। इसी बीच, सूचना पाकर मौके पर पहुंचे नौगढ़ निवासी संजय यादव ने मृतक की पहचान अपने भाई पंकज यादव के रूप में की। थाना प्रभारी नगर भानु प्रताप सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बस्ती भेज दिया। थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में कुछ कहा जा सकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।










































