श्रावस्ती। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 62वीं वाहिनी ने 28 जनवरी 2026 को तरुसमा गांव में एक पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। यह शिविर 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, भिनगा के कमांडेंट अमरेन्द्र कुमार वरुण के नेतृत्व में ‘एफ’ समवाय मुख्यालय तरुसमा के अंतर्गत आयोजित किया गया। शिविर का संचालन सीमांत मुख्यालय लखनऊ के कमांडेंट (पशु चिकित्सा) डॉ. ए. के. सिन्हा ने किया। इस दौरान ग्राम तरुसमा के कुल 35 पशुपालकों के 143 पशुओं की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के बाद पशुओं को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया और मुफ्त दवाओं का वितरण भी किया गया। डॉ. सिन्हा ने पशुपालकों को पशुओं के पोषण, टीकाकरण, रोगों की पहचान और उनसे बचाव के उपायों के संबंध में भी उपयोगी जानकारी दी, जिससे ग्रामीण पशुपालकों में पशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी। इस अवसर पर ग्रामीणों ने सशस्त्र सीमा बल द्वारा किए जा रहे इस जनकल्याणकारी प्रयास की सराहना की। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के शिविर आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की। यह कार्यक्रम सीमा क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों के साथ सशस्त्र सीमा बल के मधुर एवं विश्वासपूर्ण संबंधों को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।








































