कपिलवस्तु-महोत्सव में सीएम के कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाए ग्रामीण:जोगिया से कई बसें लौटीं, लोग लंच कर घर लौटे

5
Advertisement

सिद्धार्थनगर के जोगिया क्षेत्र में आयोजित कपिलवस्तु महोत्सव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे ग्रामीण कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुंच पाए। कई बसें जोगिया चौराहे से ही वापस लौट गईं, जिससे ग्रामीणों को निराश होकर घर लौटना पड़ा। मुख्यमंत्री के जिला मुख्यालय आगमन के मद्देनजर ग्रामीण क्षेत्रों से लोगों को लाने के लिए लगभग 40 से अधिक बसों की व्यवस्था की गई थी। इन बसों को ग्रामीणों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाना था। हालांकि, अधिकांश बसें जोगिया चौराहे से आगे नहीं बढ़ पाईं और उन्हें वहीं से वापस लौटना पड़ा। ग्रामीणों को वहीं पर लंच पैकेट दिए गए। उन्हें बताया गया कि मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल पर आकर वापस भी जा चुके हैं, जिसके बाद आगे जाने का कोई औचित्य नहीं रहा। दैनिक भास्कर से बात करते हुए ग्रामीणों ने बताया कि वे सुबह से ही अपने घरों से बसों पर सवार होकर निकले थे। बारिश के कारण यात्रा में विलंब हुआ, और वे मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाए, जिससे उन्हें निराशा हुई। इस दौरान सुधाकर, योगेश, रामलाल, विष्णु, शुभम, बसंत सहित कई ग्रामीण मौजूद थे, जो कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।
Advertisement