श्रावस्ती में इंडो-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। श्रावस्ती पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) संयुक्त रूप से सीमा क्षेत्र में लगातार गश्त और सघन निगरानी कर रहे हैं। इसका उद्देश्य किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि को रोकना है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। सीमावर्ती इलाकों में पुलिस और SSB की टीमें पैदल गश्त कर रही हैं। वे सीमा से आने-जाने वाले हर व्यक्ति और गतिविधि पर पैनी नजर रख रही हैं। इसी क्रम में बुधवार को थाना सिरसिया क्षेत्र के सुइया बॉर्डर पर दोनों बलों ने एक विशेष गश्त अभियान चलाया। इस दौरान बॉर्डर एरिया की बारीकी से जांच की गई। स्थानीय लोगों से भी संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीमा सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। श्रावस्ती पुलिस ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत डायल 112 पर सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।






































