जनपद श्रावस्ती में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर एंटी रोमियो टीम ने सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम और क्षेत्राधिकारीगण के पर्यवेक्षण में थाना सिरसिया क्षेत्र के आदर्श इंटर कॉलेज, डगमरा नाका और ग्राम बेचई पुरवा के पास चलाया गया। इस दौरान अनावश्यक रूप से घूम रहे मनचलों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई। चेकिंग के दौरान पुलिस ने मनचलों को सख्त हिदायत दी कि महिलाओं और बालिकाओं के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या अभद्र व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कुछ लोगों को चेतावनी देकर छोड़ा गया और उन्हें भविष्य में कानून का पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, महिलाओं को सुरक्षा से जुड़े कानूनों और पुलिस सहायता सेवाओं की जानकारी दी गई। उन्हें किसी भी परेशानी की स्थिति में तुरंत 112 और 1090 पर संपर्क करने की अपील की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा को लेकर ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।










































