जनपद श्रावस्ती में मिशन शक्ति–5.0 अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और साइबर सुरक्षा को मजबूत करने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के कुशल निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम एवं समस्त क्षेत्राधिकारीगण के प्रभावी पर्यवेक्षण में यह अभियान निरंतर जारी है। इसका मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं के प्रति सुरक्षित, सकारात्मक और जागरूक वातावरण का निर्माण करना है। इसी क्रम में, जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों और शक्ति मोबाइल टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ये टीमें विद्यालयों, गांवों, कस्बों, ग्रामीण क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और उपलब्ध सहायता सेवाओं के बारे में जानकारी दे रही हैं। महिला संबंधी समस्याओं के त्वरित और संवेदनशील समाधान के लिए चौपालों का भी आयोजन किया जा रहा है। इन चौपालों के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किया गया। टीमों द्वारा महिलाओं और बालिकाओं से “शक्ति दीदी” के रूप में संवाद स्थापित कर उन्हें निडर होकर अपनी समस्याएं साझा करने और सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। मिशन शक्ति–5.0 अभियान के अंतर्गत साइबर जागरूकता कार्यक्रमों पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं, बालिकाओं और छात्राओं को सोशल मीडिया फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। साथ ही, उन्हें ओटीपी साझा न करने, मजबूत और सुरक्षित पासवर्ड का उपयोग करने तथा किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।
Home उत्तर प्रदेश श्रावस्ती में मिशन शक्ति 5.0 अभियान जारी:महिला-बालिका सुरक्षा, सम्मान और साइबर जागरूकता...






































