नेपाली दंपती की सड़क हादसे में मौत: बहराइच में निजी बस ने बाइक को मारी टक्कर, रिश्तेदार के घर आ रहे थे – Bahraich News

2
Advertisement

बहराइच जिले के रूपईडीहा इलाके में शुक्रवार को एक सड़क हादसे में नेपाली दंपती की मौत हो गई। बाबागंज-मल्हीपुर मार्ग पर एक तेज रफ्तार निजी बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। नेपाल के बांके जिले के रहने वाले 35 वर्षीय बुद्धु अपनी 28 वर्षीय पत्नी सरस्वती के साथ भारतीय क्षेत्र के रामनगर गुलरिहा में अपने रिश्तेदार के घर आ रहे थे। जामोग के पास पहुंचने पर उनकी बाइक को एक निजी बस ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने रूपईडीहा पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस की मदद से उन्हें चरदा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सक अरविंद ने बुद्धु को मृत घोषित कर दिया और सरस्वती को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में उनकी भी मौत हो गई। थाना प्रभारी रूपईडीहा रमेश रावत ने बताया कि सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।
Advertisement