बस्ती में बाइक-स्कूटी की टक्कर में युवक की मौत:खजुरिया के पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा, एक घायल

3
Advertisement

बस्ती जिले के कप्तानगंज ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत खजुरिया स्थित पेट्रोल पंप के सामने सोमवार शाम दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, राजस्व गांव थनवारपुर, ग्राम पंचायत खजुरिया निवासी नौशाद अली (25) किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि नौशाद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार खजुरिया निवासी सलमान (लगभग 38) गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना शाम लगभग 6 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायल सलमान को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय बस्ती भेजा, जहां उनका इलाज जारी है। नगर थाना अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक नौशाद अली के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल का इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Advertisement