Advertisement

रुधौली नगर पंचायत के थाना शिव मंदिर परिसर में गैस सिलेंडर लेने के लिए बड़ी संख्या में उपभोक्ता उमड़ पड़े। गैस की बढ़ती कीमतों और समय पर सिलेंडर न मिलने से परेशान लोग सुबह से ही लंबी कतारों में खड़े दिखाई दिए, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गैस एजेंसी के कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं को लाइन में लगाकर पर्चियां वितरित कीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी को क्रमवार गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। कर्मचारियों ने लोगों से जल्दबाजी या धक्का-मुक्की न करने की अपील करते हुए कहा कि गैस का वितरण पर्ची के आधार पर ही होगा। हालांकि, उपभोक्ताओं में गैस आपूर्ति को लेकर नाराजगी स्पष्ट रूप से देखी गई। उनका कहना था कि एक ओर गैस के बढ़ते दाम आम आदमी की परेशानी बढ़ा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर समय पर सिलेंडर न मिलने के कारण उन्हें दर-दर भटकना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने व्यवस्था में सुधार और समय पर गैस उपलब्ध कराने की मांग की। इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) विमल कुमार ने बताया कि उपभोक्ताओं को जल्द ही इस समस्या से निजात दिलाई जाएगी।
































