Advertisement

बस्ती जनपद के लालगंज थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत कोप में मंगलवार सुबह 10वीं की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छात्रा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान ग्राम पंचायत कोप निवासी राम बिचार की 17 वर्षीय पुत्री अंकिता के रूप में हुई है। अंकिता जनता इंटर कॉलेज बारीघाट में कक्षा 10 की छात्रा थी और मंगलवार को उसकी बोर्ड परीक्षा का अंतिम पेपर था। परिजनों के अनुसार, अंकिता के पिता राम बिचार दिल्ली में पेंट का काम करते हैं। बेटी की परीक्षा दिलाने के लिए वह 15 फरवरी 2026 को घर आए थे। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे अंकिता ने घर में फांसी लगा ली, जिसकी जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी अनंत कुमार मिश्र, सीओ रुधौली कुलदीप और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, छात्रा द्वारा यह कदम उठाने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।




































