Advertisement

बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक सड़क हादसे में तीन लोग घायल हो गए। बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर मैनिहवा गांव के पास एक मोटरसाइकिल और साइकिल की भिड़ंत हो गई। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। यह घटना सुबह करीब 9:00 बजे हुई। घायलों में परसा निवासी 15 वर्षीय विशाल (पुत्र आज्ञाराम) और मझौवा निवासी 16 वर्षीय अमित (पुत्र हरिलाल) शामिल हैं। ये दोनों मोटरसाइकिल पर सवार थे। तीसरे घायल नरखोरिया निवासी साइकिल सवार शिवकुमार (पुत्र बैजनाथ) हैं। जानकारी के अनुसार, विशाल और अमित नरखोरिया से असनहरा की ओर जा रहे थे। मैनिहवा गांव के पास पहुंचने पर साइकिल सवार शिवकुमार सड़क के एक किनारे से दूसरे किनारे जाने के लिए मुड़ रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही मोटरसाइकिल उनसे टकरा गई। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों की मदद की और उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा।

































