Advertisement

बीआरसी रुधौली में ब्लाक स्तरीय ग्राम प्रधानों, स्थानीय निकाय जनप्रतिनिधियों और प्रधानाध्यापकों के लिए एक उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों के विकास और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना था। कार्यक्रम का शुभारंभ गन्ना सहकारी समिति गोविंद नगर के चेयरमैन पुष्करादित्य सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर स्वागत किया। मुख्य अतिथि पुष्करादित्य सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि जब प्रधानाध्यापक और ग्राम प्रधान एकजुट होकर कार्य करेंगे, तभी विद्यालयों का विकास होगा और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आएगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी लोगों से अपने गांव के बच्चों का नामांकन सरकारी स्कूलों में कराने और उन्हें बेहतर शिक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। सिंह ने बताया कि सरकार बच्चों को भोजन, ड्रेस, किताबें, जूते-मोजे सहित कई सुविधाएं प्रदान कर रही है। खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सभी शिक्षकों को विद्यालयों में ‘कायाकल्प’ योजना के तहत 19 बिंदुओं को पूर्ण कर भौतिक वातावरण सुधारने का निर्देश दिया। कार्यक्रम के अंत में, ‘कायाकल्प’ योजना के तहत 19 बिंदुओं पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले छह ग्राम प्रधानों और प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन योगेश्वर शुक्ला ने किया। इस अवसर पर शिवरतन, राम भवन, अपूर्वी ओमप्रकाश, रवि शंकर मिश्र, समीउल्लाह, पुष्पा, संतोष पाण्डेय, बृजेश कुमार, सुशील उपाध्याय, मनोज सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।


































