
बस्ती जिले के कप्तानगंज स्थित कौड़ीकोल में आयोजित डायमंड इलेवन चैंपियंस ट्रॉफी नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल सरबहनापुर ने जीत लिया। रोमांचक मुकाबले में सरबहनापुर ने बस्ती खान स्पोर्ट को हराकर खिताब अपने नाम किया। इस मैच को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्रिकेट प्रेमी मैदान पर उमड़े। फाइनल मुकाबले में बस्ती खान स्पोर्ट ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की ओर से सफर और मोहित ने पारी की शुरुआत की। सरबहनापुर के शुभम ने पहला ओवर फेंका, जिसमें 7 रन दिए। अंकित ने टीम को पहली सफलता दिलाते हुए सफर को 14 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर पवेलियन भेजा। इसके बाद बस्ती खान स्पोर्ट के बल्लेबाज सरबहनापुर के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके। निर्धारित 12 ओवर के इस मुकाबले में पूरी टीम अंतिम ओवर में 71 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। 72 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सरबहनापुर की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। टीम के बल्लेबाजों ने सूझबूझ से रन जोड़े और 11वें ओवर में चौका जड़कर मैच अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ सरबहनापुर टूर्नामेंट की विजेता बनी, जबकि बस्ती खान स्पोर्ट उपविजेता रही। मैच में हरिभान चौधरी और प्रेमचंद चौधरी ने अंपायर की भूमिका निभाई। आदित्य चौधरी और विराट की जोशीली कमेंट्री ने दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। फाइनल के मुख्य अतिथि कप्तानगंज थाना के एसआई मु. इस्लाम खान रहे। उन्होंने विजेता टीम सरबहनापुर और उपविजेता बस्ती खान स्पोर्ट को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। एसआई खान ने खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर रमेश चौधरी, सूरज यादव उर्फ रूपेश, ग्राम प्रधान रणजीत, आदर्श चौधरी, राजेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन की सराहना करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।



































