
हर्रैया विकास खंड परिसर में इन दिनों छुट्टा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। परिसर के भीतर अक्सर पशुओं के झुंड घूमते दिखाई देते हैं, जिससे यहां आने वाले फरियादियों, ग्रामीणों और कर्मचारियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उनका यह भी कहना है कि ब्लॉक में तैनात कुछ कर्मचारी उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी कर इन पशुओं को गौशाला भेजने के बजाय सड़कों पर छोड़ देते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, क्षेत्र में बनी गौशालाएं केवल नाममात्र की रह गई हैं। विकास खंड परिसर से लेकर आसपास के ग्रामीण इलाकों तक छुट्टा पशुओं की बढ़ती संख्या के कारण किसानों की खड़ी फसलें लगातार बर्बाद हो रही हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि हर्रैया विकास खंड की कई ग्राम पंचायतों में व्यवस्थाएं भ्रष्टाचार से प्रभावित हैं और संबंधित अधिकारी इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि इस समस्या का समय रहते समाधान नहीं किया गया, तो किसानों और आम लोगों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं। सहायक खंड विकास अधिकारी जयप्रकाश राय ने बताया कि संबंधित विभाग को इस बारे में निर्देश दिए गए हैं और भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होगी।



































