लोडर का वीडियो बनाने के शक में परिवार पर हमला:बेनीपुर गांव में मारपीट, पति-पत्नी और बेटा घायल

0
1

कलवारी थाना क्षेत्र के बगही उर्फ बेनीपुर गांव में लोडर का वीडियो बनाने के शक में एक परिवार पर हमला किया गया। इस घटना में पति, पत्नी और उनका बेटा घायल हो गए। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 9:30 बजे राम बहोर का बेटा अविनाश गांव से पटरा लेने जा रहा था। रास्ते में एक लोडर गाड़ी चल रही थी, जिसे देखने के लिए अविनाश रुका। अविनाश के हाथ में मोबाइल फोन देखकर कुछ लोगों को शक हुआ कि वह लोडर का वीडियो बना रहा है। आरोप है कि लोडर के पास खड़े अविनाश को विपक्षियों ने गाली देना शुरू कर दिया और उसे जमीन पर पटककर पीटा। शोर सुनकर अविनाश के पिता राम बहोर और माता निर्मला उसे बचाने पहुंचे। तहरीर के मुताबिक, लगभग पांच-छह लोग लाठी-डंडों से लैस होकर आए और पूरे परिवार पर हमला कर दिया। इस हमले में निर्मला और राम बहोर को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ितों का कहना है कि उनके सिर फट गए हैं और हाथ व शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें लगी हैं। आरोपियों ने पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित राम बहोर ने रविवार को कलवारी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष कलवारी संतोष सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विज्ञापन 2