
रुधौली तहसील में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की ओर से एक किसान पंचायत का आयोजन किया गया। तहसील अध्यक्ष रामनयन निषाद की अध्यक्षता में हुई इस पंचायत में किसानों ने अपनी समस्याओं को लेकर राज्यपाल को संबोधित छह सूत्रीय ज्ञापन उप जिलाधिकारी (एसडीएम) रुधौली मनोज प्रकाश को सौंपा। ज्ञापन में मुख्य रूप से बस्ती जनपद की वॉटर गंज और अठदमा चीनी मिलों पर किसानों के बकाया गन्ना मूल्य का ब्याज सहित तत्काल भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की गई है। इसके अतिरिक्त, आगामी पेराई सत्र 2026-27 में विशुनपुरवा सेंटर पर गन्ना क्रय केंद्र से आसपास के 3 किलोमीटर क्षेत्र के गांवों को जोड़ने की भी मांग की गई। किसानों ने विद्युत विभाग द्वारा लाई गई बिजली बिल छूट योजना में भारी अनियमितताओं का आरोप लगाया, जिससे हजारों उपभोक्ता लाभ से वंचित रह गए। उन्होंने सभी पात्र उपभोक्ताओं को योजना का लाभ दिलाने की मांग की। साथ ही, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पूरे प्रदेश में चलाई जा रही मुफ्त सिंचाई बिजली योजना का लाभ रुधौली तहसील के किसानों को नहीं मिल पा रहा है। ज्ञापन में कहा गया कि तहसील के अंतर्गत किसी भी ग्राम सभा में न तो सिंचाई कनेक्शन दिए जा रहे हैं और न ही खेतों तक बिजली के खंभे और तार लगाए जा रहे हैं। किसानों ने कैंप लगाकर मुफ्त सिंचाई कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग की। एसडीएम मनोज प्रकाश ने किसानों को आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों को पत्राचार किया जाएगा और उनकी समस्याओं का जल्द से जल्द निस्तारण कराने का पूरा प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर राम सिंह पटेल, मितेंद्र सिंह, मुन्नू सिंह, नायब, श्यामनारायण सिंह, श्यामलाल चौधरी, राममिलन, लखन, हरीश कुमार पांडे, तिलक राम, शिवसागर, रामफेर चौधरी, रामरेखा यादव सहित कई अन्य किसान उपस्थित रहे।




































