
बस्ती जिले में नगर पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम ने एक अंतरजनपदीय वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। यह कार्रवाई मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे फुटहिया ओवरब्रिज से बड़ेवन जाने वाले मार्ग पर शहीद स्मारक के पास की गई। पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक आनंद कुमार सिंह और एंटी थेफ्ट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक रितेश कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने एक संदिग्ध युवक को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा। पूछताछ में अभियुक्त ने अपनी पहचान अनुप कुमार (22) पुत्र राघव प्रसाद गिरी, निवासी गोटवा बाजार, थाना नगर, जनपद बस्ती के रूप में बताई। पूछताछ के दौरान, अभियुक्त अनुप कुमार ने एक और मोटरसाइकिल चोरी कर ग्राम लोहरौली के एक गेहूं के खेत में छिपाने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम कृपाशंकर के खेत में पहुंची और वहां से दूसरी चोरी की बाइक भी बरामद कर ली। बरामद की गई दोनों मोटरसाइकिलों के संबंध में थाना कप्तानगंज, बस्ती और थाना गीडा, जनपद गोरखपुर में पहले से ही मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक पेंचकस भी बरामद किया है, जिसका उपयोग वह चोरी की वारदातों में करता था। सीईओ संजय सिंह ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस सफलता में थाना नगर पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





























