
बस्ती के वाल्टरगंज में चैत्र नवरात्र से पहले बाजारों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बुधवार को वाल्टरगंज कस्बा, हरदिया चौराहा, भिटिया चौराहा और गौरा चौराहा सहित आसपास के क्षेत्रों में लोगों ने पूजन सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी की। बाजारों में सुबह से ही चहल-पहल देखी गई। श्रद्धालुओं ने माता की चुनरी, नारियल, कलश, श्रृंगार सामग्री और हवन पूजन से संबंधित सामान खरीदे। दुकानदारों ने भी त्योहार के लिए अपनी दुकानों को सजाया था। पूजन सामग्री के साथ-साथ फलों की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। बाजार पहुंचे राम धीरज चौधरी, संतोष गुप्ता, प्रवीण गुप्ता, जितेंद्र कुमार और दिनेश गुप्ता जैसे श्रद्धालुओं ने बताया कि चैत्र नवरात्र का शुभारंभ बृहस्पतिवार से हो रहा है। यह नौ दिवसीय अनुष्ठान है, जिसमें माता रानी के नौ रूपों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। कलश स्थापना और पहले दिन के व्रत के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि इस बार बाजार में अच्छी रौनक है और लोगों में त्योहार को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है।






























