प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण:लखनऊ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण बस्ती कलेक्ट्रेट सभागार में देखा गया

0
0

बस्ती। प्रदेश सरकार के नवनिर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद बस्ती के कलेक्ट्रेट सभागार में देखा गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के आगमन और स्वागत के साथ ही ‘नवनिर्माण के नव वर्ष’ नामक पुस्तक का विमोचन किया गया। इसमें प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं का विवरण था। इसके अतिरिक्त, ‘गेट्स ऑफ न्यू उत्तर प्रदेश’ नामक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया, और विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर आधारित पुस्तकों व डॉक्यूमेंट्री का अवलोकन किया गया। कार्यक्रम के पश्चात उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अपने उद्बोधन में प्रदेश सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और विभिन्न योजनाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचा है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, विधायक प्रतिनिधि सरोज मिश्र, पूर्व विधायक दूधराम, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा और जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने संयुक्त रूप से विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत कुम्हार और राजमिस्त्री वर्ग के लाभार्थियों को टूलकिट वितरित किए गए। वहीं, प्रधानमंत्री आवास (शहरी) योजना के तहत अनेक लाभार्थियों को आवास प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जबकि मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत भी पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया गया। बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण और सामान्य विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया गया। पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत लाभार्थियों को 22वीं किश्त प्रदान की गई। इसके अलावा, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत एक लाभार्थी को चार लाख रुपये का डेमो चेक दिया गया। आर-सेटी के माध्यम से प्रशिक्षित युवाओं को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। उ.प्र. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत विभिन्न स्वयं सहायता समूहों को कुल 3.30 लाख रुपये की धनराशि चेक के माध्यम से प्रदान की गई। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन 2