Advertisement

श्रावस्ती के नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र में सोमवार को एक श्रमिक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जानकारी के अनुसार, श्वेतांबर जैन मंदिर परिसर के कमरा नंबर 3 में रह रहे 35 वर्षीय श्रमिक प्रेम शंकर मधुवाल पुत्र गुल्लक मधुवाल सोमवार को काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकले। उनके साथियों को संदेह हुआ। दरवाजा खोलने पर प्रेम शंकर छत के कुंडे से रस्सी के सहारे लटके हुए मिले। घटना की सूचना तुरंत नवीन मॉडर्न थाना पुलिस को दी गई। प्रभारी निरीक्षक लाल साहब सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रेम शंकर मधुवाल मूल रूप से जनपद बालेश्वर (ओडिशा) के ईश्वरपुर थाना नीलगिरी के निवासी थे। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव को उनके साथियों को सौंप दिया गया, जो उसे लेकर ओडिशा के लिए रवाना हो गए। थाना प्रभारी लाल साहब सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।































