सोनवा में 20 खंभों से बिजली के तार गायब:अहिरा से धूम्बोझी गांव तक चोरी की आशंका, जांच शुरू

3
Advertisement

श्रावस्ती जिले के सोनवा थाना क्षेत्र में बिजली लाइन के तार चोरी होने का मामला सामने आया है। अहिरा गांव से धूम्बोझी गांव तक लगभग 20 बिजली खंभों से तार गायब पाए गए हैं। इससे बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि करीब 2500 मीटर बिजली का तार खंभों से हटा दिया गया है। तार खींचे जाने के दौरान आसपास के कई किसानों की फसलें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। घटना में एक बिजली का खंभा भी टूट गया है। जानकारी के अनुसार, यह बिजली लाइन कई साल पहले भिनगा से उर्लहवा उपकेंद्र के लिए डाली गई थी। हालांकि, कुछ कारणों से यह लाइन कभी चालू नहीं हो सकी थी। सभी खंभों पर तार लगे हुए थे, जो बीती रात अचानक गायब हो गए। घटना की सूचना मिलने पर बिजली विभाग के जेई धर्मेंद्र मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्राइवेट लाइनमैन करण सिंह ने बताया कि उन्हें गांव के एक व्यक्ति ने फोन पर तार गायब होने की जानकारी दी थी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने करीब 20 खंभों से तार गायब पाए, जिसके बाद उन्होंने तुरंत जेई को सूचित किया। इस संबंध में एसडीओ अनुज गुप्ता ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि थाने में तहरीर देकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने भी आश्वासन दिया है कि तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Advertisement