Advertisement

श्रावस्ती जिले के इकौना थाना क्षेत्र के मोहनीपुर जमुनहा गांव में एक पुश्तैनी बाग से पेड़ काटे जाने का मामला सामने आया है। गांव निवासी अयोध्या प्रसाद ने अपने विपक्षियों पर पेड़ काटने का आरोप लगाया है। अयोध्या प्रसाद के अनुसार, उनके घर के दक्षिण में स्थित यह बाग उनकी पुश्तैनी संपत्ति है, जिसमें उनका भी हिस्सा है। उन्होंने बताया कि अभी तक बाग का आपसी बंटवारा नहीं हुआ है। आरोप है कि विपक्षियों ने मिलकर बाग में लगा एक फरेंद का पेड़ काट दिया। अयोध्या प्रसाद ने यह भी बताया कि इससे पहले भी विपक्षियों द्वारा कई पेड़ों को काटा जा चुका है। जब वह उन्हें पेड़ काटने से रोकते हैं, तो विपक्षी उन्हें धमकी देते हैं और उनकी बात नहीं मानते। इस संबंध में थाना अध्यक्ष इकौना परमानंद तिवारी ने जानकारी दी कि उन्हें मामले की सूचना मिली है। उन्होंने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।





























