श्रावस्ती में पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क:नकलविहीन आयोजन को लेकर डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, 1920 परीक्षार्थी होंगे शामिल

5
Advertisement

श्रावस्ती में 14 और 15 मार्च 2026 को पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित उप निरीक्षक नागरिक पुलिस की लिखित परीक्षा होगी। इसे नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने परीक्षा केंद्र अलक्षेन्द्र इंटर कॉलेज, भिनगा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने पूरे परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था और प्रवेश-निकास मार्गों का जायजा लिया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुसार सुनिश्चित की जाएं। इससे पहले, कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी की अध्यक्षता में एक बैठक हुई थी। इसमें स्टेटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और पुलिस अधिकारियों को परीक्षा को नकलविहीन और सुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने बताया कि पुलिस भर्ती परीक्षा 14 और 15 मार्च को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक होगी। जनपद में एकमात्र परीक्षा केंद्र श्री अलक्षेन्द्र इंटर कॉलेज, भिनगा बनाया गया है, जहां कुल 1920 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए स्टेटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। ये मजिस्ट्रेट अपनी उपस्थिति में प्रश्नपत्रों के पैकेट खुलवाएंगे और परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को सील कराकर कोषागार तक सुरक्षित पहुंचाएंगे। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, और ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मचारियों को अपना आधार कार्ड व ड्यूटी कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा के दौरान किसी भी अव्यवस्था को रोकने के लिए खुफिया पुलिस को भी सक्रिय कर दिया गया है।
Advertisement