Advertisement

श्रावस्ती जिले के जमुनहा-बहराइच मार्ग पर एक सड़क हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मल्हीपुर थाना क्षेत्र के शिकारी गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। यह घटना बुधवार को हुई। हरदत्त नगर गिरन्ट थाना क्षेत्र के रानीसीर ग्राम पंचायत के बेगमपुर निवासी तुलसी (26) पुत्र अशरफी और खुशबू (28) पुत्र पंचू मल्हीपुर से काम निपटाकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मल्हीपुर थाना क्षेत्र के पटना ग्राम पंचायत की नई बस्ती निवासी राजू (20) पुत्र हारून अपनी बाइक से विपरीत दिशा से आ रहा था। शिकारी गांव के पास दोनों बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। एंबुलेंस यूपी 32 ईजी 8816 के ईएमटी रमेश चंद्र शुक्ला और पायलट सुजीत तिवारी ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मल्हीपुर पहुंचाया। सीएचसी मल्हीपुर में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि जमुनहा-बहराइच मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं, जिससे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है।




































