
श्रावस्ती जिले के नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र अंतर्गत कटरा बाईपास पर शुक्रवार रात गन्ना लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में ट्रक के चालक और परिचालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, यह ट्रक इकौना की ओर से बलरामपुर चीनी मिल के लिए गन्ना लेकर जा रहा था। कटरा बाईपास के पास पहुंचते ही ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। ट्रक के पलटते ही चालक और परिचालक तुरंत वाहन से कूद गए और सुरक्षित बच निकले। घटनास्थल पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। स्थानीय निवासी शिव कुमार पांडेय ने बताया कि ट्रक पलटने से उन्हें लगभग 15 से 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि हादसे के समय सड़क पर वाहनों की आवाजाही कम थी, जिससे कोई बड़ा हादसा या अन्य किसी को चोट लगने से बच गया।



































