
श्रावस्ती जिले के इकौना नगर में कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित होने से होटल व्यवसायियों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। सिलेंडर की अनुपलब्धता के कारण कई छोटे-बड़े होटल बंद होने की कगार पर पहुंच गए थे। इस स्थिति से निपटने के लिए होटल संचालकों ने मजबूरीवश लकड़ी और कोयले की भट्टियों का उपयोग कर अपना कारोबार फिर से शुरू किया है। कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी से कस्बा इकौना का होटल व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हुआ है। होटल मालिकों के अनुसार, सरकार की ओर से कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति बंद कर दी गई है। नियमों के तहत, घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए नहीं किया जा सकता। इस कारण कई होटल बंद हो गए थे, जिससे कई कारीगर और मजदूर बेरोजगार हो गए। होटल व्यापारी मंजनू चौरसिया ने बताया कि इस संबंध में श्रावस्ती जिला प्रशासन से कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की गई है। उनका उद्देश्य है कि होटल व्यवसाय सामान्य रूप से संचालित हो सके और क्षेत्र के ग्रामीणों को खान-पान की सुविधा मिलती रहे। व्यापारियों का कहना है कि केंद्र और प्रदेश सरकार छोटे व्यापारियों को ऋण सुविधा देकर आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है, लेकिन कमर्शियल गैस सिलेंडर की अनुपलब्धता ने होटल कारोबारियों की कमर तोड़ दी है। घरेलू सिलेंडर के उपयोग की अनुमति न होने से कई दुकानें बंद होने की स्थिति में हैं, जिससे परिवारों के भरण-पोषण पर संकट आ गया है। होटल व्यापारियों ने केंद्र और प्रदेश सरकार से जल्द से जल्द कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि छोटे व्यापारियों की आजीविका सुरक्षित रहे और क्षेत्र में रोजमर्रा की खान-पान व्यवस्था सुचारु रूप से चलती रहे।





























