
श्रावस्ती जिले के राजपुर मोड ग्राम पंचायत बेचुवा निवासी ज्ञानेंद्र यादव ने जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल की है। हाल ही में घोषित हुए परिणामों में ज्ञानेंद्र ने जिले में 12वीं रैंक प्राप्त की और कुल 95 अंक हासिल किए हैं। इस उपलब्धि से उन्होंने अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ज्ञानेंद्र यादव वर्तमान में मदर्श इंटरनेशनल स्कूल रतनपुर में पांचवीं कक्षा के छात्र हैं। उनके पिता परशुराम, जो पेशे से किसान हैं, ने बताया कि ज्ञानेंद्र बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहा है। उन्होंने अपने बेटे की इस सफलता का श्रेय उसकी कड़ी मेहनत और शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन को दिया। अपनी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए ज्ञानेंद्र यादव ने कहा, “मेरा सपना नवोदय विद्यालय में पढ़ने का था। मैंने इसके लिए नियमित रूप से पढ़ाई की और अपने शिक्षकों से मदद ली।” उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में वे उच्च शिक्षा प्राप्त कर देश की सेवा करना चाहते हैं। ज्ञानेंद्र की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और स्कूल के शिक्षकों ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी। सभी ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।



























