रिपोर्ट:हेमंत कुमार दुबे।
महराजगंज।पड़ोसी देश नेपाल में बर्ड फ्लू के बढ़ते मामलों ने उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में हलचल तेज कर दी है। खतरे की गंभीरता को देखते हुए आज जिलास्तरीय ‘टास्क फोर्स’ की एक महत्वपूर्ण आपात बैठक आयोजित की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संक्रमण को रोकने के लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एक्शन मोड में पशुधन विभाग: RRT का गठन।
बैठक में मुख्य रूप से पशुधन विभाग को फ्रंटलाइन पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग को तत्काल रैपिड रिस्पॉन्स टीम (RRT) गठित करने और बचाव के सभी पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया है। यह टीमें संदिग्ध मामलों की सूचना मिलते ही मौके पर मोर्चा संभालेंगी।
पोल्ट्री फार्मों पर पैनी नजर, होगी रैंडम सैंपलिंग।
संक्रमण के खतरे को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों सहित जनपद के सभी पोल्ट्री फार्मों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। टास्क फोर्स ने निर्देश दिया है कि रैंडम आधार पर सैंपलिंग की जाए ताकि वायरस की उपस्थिति का समय रहते पता लगाया जा सके। इसके साथ ही अन्य संबंधित विभागों को भी मुस्तैद रहकर रोगनिरोधक (Preventive) कदम उठाने के लिए निर्देशित किया गया है।
जनता के लिए जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर।
प्रशासन ने आम जनमानस की सुविधा और त्वरित सूचना साझा करने के लिए एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। किसी भी असामान्य परिस्थिति या पक्षियों की संदिग्ध मृत्यु की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम मोबाइल नंबर:8765957962 पर दी जा सकती हैं। प्रशासन ने पोल्ट्री संचालकों और नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और सुरक्षा मानकों का पालन करें। घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है।










