बेलवालगुनही स्थित महेंद्र ऑटोमोबाइल इंडियन पेट्रोल पंप पर शुक्रवार को सैकड़ों लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। क्षेत्र में युद्ध की अफवाहों के कारण ईंधन संकट की आशंका से लोग बड़ी संख्या में पेट्रोल-डीजल भरवाने पहुंचे। पंप संचालक सौरभ बोरा ने बताया कि रात में आया लगभग 15 हजार लीटर डीजल का स्टॉक पंप खुलने के मात्र 5 से 6 घंटे के भीतर ही समाप्त हो गया। उन्होंने जानकारी दी कि फिलहाल डीजल उपलब्ध नहीं है, लेकिन पेट्रोल का वितरण जारी है। सौरभ बोरा ने यह भी बताया कि डीजल की नई खेप रात तक पहुंच जाएगी और शनिवार सुबह से इसका वितरण फिर शुरू हो जाएगा। प्रशासन ने इस स्थिति पर स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा है कि पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अपनी आवश्यकतानुसार ही ईंधन खरीदें। पंप संचालक सौरभ बोरा ने बताया कि कई लोग अपनी सामान्य आवश्यकता से अधिक पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं, जिसके कारण अस्थायी कमी और लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि लोग अपनी जरूरत के हिसाब से ही ईंधन लें, तो अनावश्यक भीड़ और कतारों से बचा जा सकता है और स्थिति सामान्य बनी रहेगी।
बेलवालगुनही में पेट्रोल पंप पर उमड़ी भीड़:प्रशासन ने कहा- आपूर्ति सामान्य; लोग डिब्बा लेकर खरीदने पहुंचे
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!









