बस्ती जिले के छावनी थाना क्षेत्र में अयोध्या-बस्ती राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सड़क दुर्घटना हुई। जमौलिया गांव के पास सुबह करीब पांच बजे केले से लदी एक डीसीएम अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि डीसीएम का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही छावनी पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से केबिन में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उसे तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विक्रमजोत ले जाया गया। घायल चालक की पहचान नागराज (38) पुत्र राम भैया के रूप में हुई है, जो आंध्र प्रदेश के बापतला जिले के कोलारु गांव का निवासी है। यह डीसीएम केला लादकर गोरखपुर जा रही थी। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चालक को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अयोध्या रेफर कर दिया। छावनी थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहन को राजमार्ग के किनारे हटाकर यातायात को सुचारु कराया गया। पुलिस ने इस मामले में आवश्यक कार्यवाही की है।
#बस्ती_न्यूज
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती न्यूज़: आज की ताज़ा खबर











