गेहूं की तैयार फसल और किसानों की समस्या जानने को लेकर जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन बुधवार को विकास खण्ड तुलसीपुर के ग्राम पंचायत शिवानगर पहुंचे, जहां उन्होंने खेतों में किसानों के बीच पहुंचकर फसल की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी को अपने बीच पाकर किसानों ने प्रसन्नता व्यक्त की और अपनी समस्याओं से अवगत कराया। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत जिलाधिकारी की उपस्थिति में गाटा संख्या 196 पर गेहूं की फसल का क्रॉप कटिंग प्रयोग सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। कटिंग के दौरान जिलाधिकारी ने किसानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को ‘फार्मर रजिस्ट्री’ अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए, जिससे पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से मिल सके। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के संबंध में किसानों से फीडबैक लिया और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि किसी भी पात्र किसान को योजना से वंचित न रहना पड़े। जिलाधिकारी ने कहा कि फसल बीमा योजना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की भरपाई में सहायक है, इसलिए सभी किसान समय से बीमा कराएं और योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर अपर सांख्यिकी अधिकारी सोभनाथ, लेखपाल भावना गुप्ता, राजस्व निरीक्षक उमाकांत पाठक सहित बड़ी संख्या में स्थानीय किसान उपस्थित रहे।
तुलसीपुर में खेतों में किसानों के बीच पहुंचे डीएम:किसानों से संवाद कर उपज का जायजा लिया, योजनाओं की ली जानकारी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











